इंदौर के रानीपुरा में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 60-70 दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटाया; विरोध के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा
इंदौर। शहर के रानीपुरा इलाके में सोमवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और दुकानों के बाहर बनाए गए
अस्थायी ओटले, पार्टीशन और अन्य निर्माण हटाए।
कार्रवाई के दौरान करीब 60 से 70 दुकानों के बाहर बने अस्थायी पार्टीशन और ओटले हटाए गए। इसके अलावा फुटपाथ पर लगी कई गुमटियों को भी हटाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ दुकानदारों ने विरोध किया और निगम अधिकारियों से बहस होने लगी।
विरोध के बीच कुछ दुकानदारों ने सड़क पर खड़े होकर वाहनों को रोकने की कोशिश की, जिससे मौके पर यातायात प्रभावित होने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला और दुकानदारों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस बल के साथ पहुंची निगम की टीम
नगर निगम की रिमूवल टीम सोमवार को अमले और तीन थानों के पुलिस बल के साथ रानीपुरा पहुंची थी। टीम ने एक-एक करके दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी निर्माण को हटाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस की मौजूदगी रही, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
दुकानदारों को पहले भी दी गई थी समझाइश
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, दुकानों के बाहर बनाए गए पार्टीशन और ओटलों के कारण सड़क और फुटपाथ पर जगह कम हो रही थी। रानीपुरा शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल है और पीक आवर्स में यहां भारी ट्रैफिक रहता है। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई से पहले दुकानदारों को अस्थायी निर्माण हटाने और दुकान के बाहर सामान नहीं रखने की समझाइश दी गई थी।
दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी
कार्रवाई के बाद निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर दोबारा अस्थायी निर्माण या सामान रखकर रास्ता बाधित किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रानीपुरा के बाद नगर निगम की टीम ने जेल रोड क्षेत्र में भी अस्थायी निर्माण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान तुकोगंज, सेंट्रल कोतवाली और एमजी रोड थाना क्षेत्र का पुलिस बल तैनात रहा।
