भोपाल के होटल-रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई, सड़े खाद्य पदार्थों से लेकर एक्सपायरी सामान तक मिले

भोपाल। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने 12 और 13 सितंबर को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने दो दिनों के दौरान शहर के करीब 10 होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में सड़े-गले खाद्य पदार्थ, एक्सपायरी सामग्री, खराब रख-रखाव और स्वच्छता से जुड़ी कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुछ खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया और आवश्यक नमूने जांच के लिए लिए।
न्यू मार्केट स्थित एक होटल के किचन में मशरूम के कई पैकेट खराब अवस्था में पाए गए। इसके अलावा किचन में खुले डस्टबिन और अस्वच्छता की स्थिति भी मिली। फ्रोजन एरिया में रखी कुछ सब्जियों में भी ताजगी की कमी पाई गई।
एक अन्य होटल के निरीक्षण में एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण की व्यवस्था नहीं मिलने पर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। वहीं कुछ खाद्य पदार्थों पर आवश्यक लेबलिंग और अन्य जानकारी भी पूरी तरह उपलब्ध नहीं मिली।
निरीक्षण के दौरान पनीर की भी प्राथमिक जांच की गई। जांच में गुणवत्ता को लेकर संदेह सामने आने पर पनीर का विधिवत नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
एक होटल में फ्रोजन मीट के पैकेटों के रख-रखाव, FIFO व्यवस्था और अन्य खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां पाई गईं। वहीं करीब 50 किलोग्राम सड़े हुए आलू मिलने पर उन्हें मौके पर नियमानुसार नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस, मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल, लेबलिंग, वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण और किचन की साफ-सफाई जैसे बिंदुओं की भी जांच की।
अधिकारियों ने जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं, वहां जिम्मेदारों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई स्थिति के अनुसार की जाएगी।
