भोपाल में स्कूल सफाई के दौरान महिला की मौत, करंट लगने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
भोपाल। शाहपुरा इलाके में स्कूल में सफाई का काम करने वाली 55 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, महिला स्कूल में सफाई का काम कर रही थीं और इसी दौरान करंट की चपेट में आने की बात सामने आई है।
घटना के बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर शाहपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
मृतका की पहचान 55 वर्षीय रेखाबाई, पति रामलाल, निवासी 12 नंबर मल्टी, शाहपुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, करीब नौ महीने पहले उनके पति की भी बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी।
फिलहाल पुलिस स्कूल प्रबंधन और घटना के दौरान मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।
